राजधानी से जनता तक/कोरबा: प्रति मंगलवार को आयोजित जनचैपाल में दूर-दराज क्षेत्रों से अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचने वाले ग्रामीणों के समस्याओं का त्वरित निराकरण हो रहा है। कलेक्टर संजीव झा जनचैपाल में नागरिकों से उनकी समस्याओं और सुझावों से संबंधित आवेदन लेकर उनका त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज आयोजित जनचैपाल में पोड़ी-उपरोड़ा निवासी बुजुर्ग महिला श्रीमती तुलसीबाई की समस्या का समाधान हो गया। त्रुटिवश एपीएल राशन कार्ड बन जाने से राशन लेने में हो रही परेशानियों को उन्होंने कलेक्टर को अवगत कराया। उन्होंने कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए एपीएल राशन कार्ड को निरस्त कर बीपीएल राशन कार्ड बनवाने के लिए निवेदन किया। कलेक्टर श्री झा ने संवेदनशीलता से श्रीमती तुलसीबाई की बातों को सुनकर तत्काल जिला खाद्य अधिकारी को तुलसीबाई का बीपीएल राशन कार्ड बनाने के निर्देश दिए। आज आयोजित जनचैपाल में 180 लोगों ने आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्री झा ने प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जनचैपाल में पूर्व एसईसीएल कर्मी के सहायक प्राध्यापक पुत्र ने उनके पिता के नाम से एसईसीएल कुसमुण्डा द्वारा आबंटित आवास को खाली कराने के लिए की जा रही असंवेदनशीलता से कलेक्टर को अवगत कराया। साथ ही आवास खाली नहीं करने पर एसईसीएल कुसमुण्डा द्वारा सिविल कोर्ट में उनके पिता के नाम से मुकदमा दर्ज किए जाने से उनके परिवार को हो रहे मानसिक तनाव की समस्या से भी अवगत कराया। कलेक्टर झा ने एसईसीएल कुसमुण्डा द्वारा ऐसी असंवेदनशीलता दिखाने पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने एसडीएम को सहायक प्राध्यापक राजकुमार राठौर को एसईसीएल क्षेत्र में मकान आबंटित करवाने के निर्देश दिए। शासकीय पीजी काॅलेज कोरबा में पदस्थ सहायक प्राध्यापक राजकुमार राठौर ने बताया कि उनके दिवंगत पिता एसईसीएल कुसमुण्डा क्षेत्र में कार्यरत् थे। उनकी सेवानिवृत्ति पश्चात् उक्त आवास को आबंटित करने अपर कलेक्टर कोरबा द्वारा अनुशंसा की गई थी। इसके बावजूद एसईसीएल कुसमुण्डा द्वारा लगातार आवास खाली करने के लिए नोटिस दिया गया। इसके पश्चात् पुनः अपर कलेक्टर द्वारा आवास आबंटन के संबंध में पत्र प्रेषित किया गया था। प्रबंधन द्वारा इसके पश्चात् भी आवास खाली कराने सहायक प्राध्यापक के पिता के नाम पर सिविल कोर्ट में मुकदमा दर्ज करा दिया गया। कलेक्टर ने प्रबंधन द्वारा इस प्रकार की असंवेदनशीलता पर गहरी नाराजगी जताते हुए सहायक प्राध्यापक को आवास आबंटित करने के निर्देश दिए। जनचैपाल में अपर कलेक्टर द्वय श्री विजेंद्र पाटले, साहू, नगर निगम आयुक्त प्रभाकर पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ नूतन कंवर सहित सभी विभागीय अधिकारी गण मौजूद रहे।
0 Comments